चंदौसी में एसडीएम से वार्ता करते अखिल भारतीय युवा उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी - संवाद
चंदौसी(संभल)। नगर में चल रहे अतिक्रमण अभियान को लेकर शनिवार को अखिल भारतीय युवा उद्योग व्यापार मंडल ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और अभियान से संबंधित कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। पदाधिकारियों ने कहा कि बिना पूर्व सूचना के अतिक्रमण हटाने से व्यापारियों में भय का माहौल पैदा हो गया है और ग्राहकों का बाजारों से आना कम हो गया है। इसलिए किसी भी बाजार में अतिक्रमण अभियान चलाने से पहले व्यापारियों को कम से कम तीन दिन का समय दिया जाए।
ज्ञापन में कहा है कि नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण अभियान की कोई भी पूर्व सूचना व्यापारियों को नहीं दी जा रही है। इससे बाजार में डर का माहौल बन गया है और ग्राहक भी खरीदारी से दूर हो रहे हैं। इसलिए, जिस बाजार में अतिक्रमण हटाया जाना हो, वहां कार्रवाई से पहले कम से कम तीन दिन का समय दिया जाए और जगह-जगह निशान भी लगाए जाए, ताकि व्यापारी खुद ही अपना अतिक्रमण हटा सकें।
ज्ञापन में कहा गया कि जो स्लैब नालियों के ऊपर बने हैं और जिनसे सफाई में कोई बाधा नहीं आती, उन्हें न तोड़ा जाए। साथ ही, जुर्माना राशि का जो नोटिस पालिका द्वारा दिया जा रहा है, उस पर भुगतान या जुर्माना जमा करने की तिथि अंकित की जाने की भी मांग ज्ञापन में की गई।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष प्रेम ग्रोवर, शाह आलम मंसूरी, सागर गुप्ता, अनुज वाष्र्णेय, उमेश वाष्र्णेय, डॉ. मोहनलाल पाल, चिंटू शर्मा, मोहित सक्सेना, सौरभ अग्रवाल, निशांत शर्मा, अमोल शर्मा, नितिन अग्रवाल आदि व्यापारी शामिल रहे।