बहजोई। बाइक को लेकर हुए विवाद में सपा नेता के बेटे पर रिवॉल्वर लहराने का मामला सामने आया है। घटना की वीडियो वायरल हुई है। वहीं पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। सपा नेता के बेटे की ओर से कोतवाली पुलिस को घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है।नगर के मोहल्ला आर्य समाज रोड पर समाजवादी के निवर्तमान जिला महासचिव कृष्ण मुरारी शंखधार के बेटे रवि शंखधार का बाइक को लेकर सराफ व्यापारी सुधांशु से विवाद हो गया।
सपा नेता के बेटे की ओर से कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया कि बुधवार को शाम वह अपने घर जा रहा था। तभी बाइक को लेकर आर्य समाज रोड पर सराफ व्यापारी से उसकी कहासुनी हो गई थी। कुछ लोगों के हस्तक्षेप के मामला शांत हो गया और वह अपनी दुकान पर आकर बैठ गया।
बाद में सराफ व्यापारी सुधांशु अपने साथ कुछ लोगों को लेकर उसकी दुकान पर आ गया और उसकी ओर रिवॉल्वर तान दी। इसके बाद जान से मारने की धमकी दी। प्रभारी इंस्पेक्टर पंकज लवानियां का कहना है कि मामले को लेकर जांच-पड़ताल की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।