संभल। हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव अझरा के नजदीक बुधवार की रात करीब नौ बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें ट्रैक्टर पर बैठे गांव रसूलपुर धतरा निवासी भूरा (37) पुत्र बदलू की मौत हो गई। जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मृतक के गांव निवासी दानवीर पुत्र होशियारी सिंह घायल हुआ है। हादसा उस समय हुआ जब भूरा अपने धान संभल मंडी समिति से बेचकर लौट रहे थे। घायल चालक ने बताया कि मध्य गंगा नहर की पुलिया पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक से अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें भूरा की दबने से मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि मृतक गांव में हेयर सैलून चलाता था। मंगलवार को गांव निवासी दानवीर के ट्रैक्टर-ट्रॉली में धान भरकर मंडी समिति बेचने के लिए गया था। यह धान दान में मिले थे। बताया कि परिवार में पत्नी नरगिस और सात बेटियां हैं। हयातनगर थाना प्रभारी ने बताया कि शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे से निकलवा कर अस्पताल भेजा गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।