बहजोई। ट्रेक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार एक की मौत हो गई, वहीं दो घायल हो गए। सीएचसी में उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया।
बृहस्पतिवार को रात आठ बजे करीब मुरादाबाद-आगरा हाइवे पर बहजोई से करीब एक किलोमीटर दूरी पर बबराला की ओर ट्रेक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार हरज्ञान पुत्र चंद्रपाल व बेटा रोहित निवासी गिरधनपुर थाना जरीफनगर जिला बदायूं तथा समरपाल पुत्र टीकाराम निवासी गांव सुमंगल होटल के निकट कोतवाली बहजोई घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया।
यहां चिकित्साधिकारी डा. सचिन वर्मा ने हरज्ञान (40) को मृत घोषित कर दिया। वहीं दोनों घायलों रोहित व समरपाल को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। प्रभारी इंस्पेक्टर पंकज लवानियां का कहना है कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।