चंदौसी। बदलते मौसम ने लोगों की सेहत पर असर दिखाना शुरू कर दिया है। खासकर गले से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सीएचसी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ऐसे मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें भी बच्चों की संख्या ज्यादा है।
चिकित्सकों का कहना है कि मौसम के उतार-चढ़ाव के कारण टॉन्सिल और गले के संक्रमण की शिकायतें बढ़ रही हैं, जिसे लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है। इन दिनों मौसम के बदले मिजाज का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। सुबह और शाम ठंड रहती है, जबकि दोपहर में तेज धूप निकल रही है। ऐसे में बड़े ही नहीं, बल्कि बच्चे भी सर्दी से बचाव को लेकर लापरवाह हो जाते हैं और ठंडी चीजों का सेवन करने लगते हैं। इसी वजह से टॉन्सिल की समस्या बढ़ रही है।
सीएचसी के सीएमएस डॉ. हरवेंद्र सिंह ने बताया कि रोजाना 40 से 50 मरीज टॉन्सिल की शिकायत लेकर इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें बच्चे भी शामिल है। उन्होंने बताया कि इस बीमारी से घबराने की जरूरत नहीं है। शरीर को गर्म कपड़ों से ढककर रखें और ठंडी चीजों से पूरी तरह परहेज करें। गले में अधिक सूजन या दर्द होने पर तुरंत चिकित्सक को दिखाना चाहिए।