बहजोई (संभल)। जिले पंचायत जिले के सभी ब्लॉकों में संचालित 63 परिषदीय विद्यालयों में साढ़े चार करोड़ से 126 शौचालयों का निर्माण कराएगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद सितंबर माह से निर्माण कार्य शुरू करा दिए जाएगा।
अपर मुख्य अधिकारी आशीष सिंह ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग से मिली सूची के आधार पर जिले के 63 परिषदीय विद्यालयों में प्रत्येक विद्यालय एक बालक व एक बालिका के हिसाब से 126 शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए जिला पंचायत की ओर से करीब सात लाख रुपये प्रति विद्यालय में दो शौचालयों के हिसाब से 126 शौचालयों के निर्माण में करीब साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत आएगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगस्त माह के अंतिम सप्ताह में इन शौचालयों के निर्माण के लिए वर्क ऑर्डर जारी कर दिया जाएगा। सितंबर माह के पहले सप्ताह में विद्यालयों में इन शौचालयों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। एएमए ने बताया कि शौचालयों का निर्माण कराए जाने वाले इन 63 परिषदीय विद्यालयों में प्राइमरी, जूनियर व कंपोजिट विद्यालय शामिल हैं।
वर्जन
प्रत्येक परिषदीय विद्यालय में एक बालक व एक बालिका के लिए अलग-अलग शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। बालक शौचालय में यूरेनल समेत शौचालयों के बाहर मल्टीपश हैंडवॉश यूनिट व रनिंग वाटर सप्लाई की भी व्यवस्था होगी। - सचिन सक्सेना, जिला समन्वयक, समग्र शिक्षा अभियान