चंदौसी (संभल)। नगर के मोहल्ला लक्ष्मणगंज निवासी इकरार के बेटे फाजिल (8) का अपहरण मंगलवार को सगे साढ़ू सुलेमान ने उसे सबक सिखाने के लिए किया था। पुलिस ने बुधवार को अपहृत बालक को बरामद करने के साथ ही आरोपी मौसा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बुधवार को एसपी कुलदीप सिंह ने खुलासा करते हुए बताया कि चंदौसी के मोहल्ला लक्ष्मणगंज निवासी इकरार का बेटा फाजिल (8) मंगलवार को बाजार में घूम रहा था। इसी दौरान अचानक से गायब हो गया। इकरार ने चंदौसी कोतवाली में अपने बेटे की अपहरण की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फाजिल की तलाश के लिए थाना पुलिस के साथ ही सर्विलांस की टीम को लगाया गया था। बुधवार को पुलिस ने चंदौसी के जीरो प्वांइट स्थित पेट्रोल पंप के पास आरोपी सुलेमान के कब्जे से फाजिल को बरामद कर लिया। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसका अपनी पत्नी निशा से मनमुटाव चल रहा है। पांच माह से पत्नी मायके में रह रही है। कई बार उसने अपने साढ़ू इकरार से निशा को समझाकर वापस भेजने के लिए कहा था, लेकिन वह भेजने से मना कर देता था। जिससे उसका पारिवारिक जीवन खराब हो रहा था। इसी से नाराज हो सुलेमान ने साढ़ू इकरार को सबक सिखाने के लिए फाजिल का अपहरण किया था। एसपी ने बालक को बरामद करने वाली टीम को इनाम देकर पुरस्कृत किया है।