चंदौसी। मौसम में बदलाव के कारण लोगों को गले के संक्रमण से राहत नहीं मिल रही है। बुखार ठीक होने के बाद भी यह संक्रमण एक सप्ताह या उससे अधिक समय तक बना रह रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में रोजाना करीब 200 से 250 मरीज गले में दर्द और संक्रमण की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।
रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को सीएचसी खुलते ही मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मरीजों को पर्चा बनवाने और दवा लेने के लिए लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ा। चिकित्सकों के कक्षों के बाहर भी मरीजों की भीड़ लगी रही। सोमवार को सीएचसी में कुल 991 मरीजों की ओपीडी हुई। इनमें 741 नए और 250 पुराने मरीज शामिल थे।
सबसे अधिक मरीज बुखार, खांसी, जुकाम, गले में संक्रमण और पेट संबंधी समस्याओं के थे। चिकित्सा अधीक्षक हरवेंद्र सिंह ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण गले के संक्रमण के मरीज बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुखार ठीक होने के बाद भी कुछ मरीजों को गले में दर्द और संक्रमण की शिकायत बनी हुई है।
मरीजों को जांच के बाद दवाएं दी जा रही हैं। चिकित्सकों ने बचाव के लिए एहतियात बरतने की सलाह दी है। ऐसे मरीजों को ठंडी चीजों से परहेज करने को कहा गया है। उन्हें साफ पानी पीने और परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी जा रही है।