संभल। सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ फोटो वायरल करना युवक को भारी पड़ गया। फोटो वायरल होने की जानकारी पुलिस को हुई तो आनन फानन में तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान युवक को गिरफ्तार कर लिया गया और रिपोर्ट दर्ज कर चालान किया गया है।
शनिवार को नखासा थाना क्षेत्र के गांव मुकर्रबपुर निवासी इजराइल के दो फोटो तमंचे के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे थे। किसी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने छानबीन की तो युवक की जानकारी मिली गई। गांव पहुंचकर युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। दरअसल यह फोटो तीन दिन से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे थे। इन फोटो में 20 वर्षीय युवक तमंचा लिए अलग अलग अंदाज में खड़ा और बैठा है। फोटो जिस तरीके से लिए गए हैं। उनसे जाहिर हो रहा है कि युवक ने यह प फोटो सोशल मीडिया के लिए ही खिंचवाए थे। नखासा थाना इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह ने बताया कि युवक के फोटो वायरल होने की जानकारी मिली थी। छानबीन के बाद आरोपी गिरफ्तार किया गया। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी का चालान कर दिया गया है।