संभल। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव भीकमपुर जैनी में हुए धर्मपाल हत्याकांड के तीन आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए हैं। जबकि मुख्य आरोपी पिता-पुत्र की तलाश जारी है। पुलिस ने कई जगह दबिश दी है पर वे हाथ नहीं आ सके। पुलिस का प्रयास जारी है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को पुलिस ने चालान कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपियों को जेल भेज दिया है।
गुन्नौर पुलिस क्षेत्राधिकारी डा. केके सरोज ने रजपुरा थाने में हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की भोर में गांव भीकमपुर जैनी के जंगल से धर्मपाल हत्याकांड के तीन आरोपी दीपांशु, कुंवरपाल और नरेंद्र को गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, एक अवैध राइफल और सात कारतूस बरामद किए हैं। अभी हत्याकांड के दो अन्य आरोपी वेदवसु आर्य और उसके पिता दयाशंकर आर्य भागे हुए हैं। उनकी तलाश की जा रही है। जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पहली जून की रात को आठ बजे करीब गांव भीकमपुर जैनी में दो पक्षों में विवाद हो गया था। इसमें एक पक्ष की ओर से फायरिंग की गई थी जिसमें धर्मपाल की जान गई जबकि दयाराम और मुनेशा गोली लगने से घायल हो गए थे। पीड़ित पक्ष की ओर से गांव के पूर्व प्रधान दयाशंकर आर्य, वेदवसु आर्य, दीपाशुं, कुंवरपाल और नरेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।