सरायतरीन। हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव बबैना के नजदीक संभल-बहजोई मार्ग पर बुधवार की रात 9:45 बजे टाटा मैजिक और बाइक की आमने सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार धर्मेंद्र कुमार, उनकी पत्नी अनीता देवी और छह माह का मासूम बेटा सूर्यांश निवासी धुरैटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को डायल 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। मासूम की हालत गंभीर बनी हुई है। जिसका उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। थाना पुलिस ने टाटा मैजिक को कब्जे में लिया है। चालक मौके से फरार हो गया है। धर्मेंद्र ने बताया कि मुरादाबाद के थाना बिलारी क्षेत्र के गांव जमालपुर में रिश्तेदारी में मौत हो गई थी। इसमें शामिल होने के लिए पत्नी और बच्चे के साथ गए थे। लौटते समय बबैना में टाटा मैजिक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी।