गुन्नौर। बिना पंजीकरण के चल रहे नर्सिंग होम और क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अभियान चलाकर छापा मार कार्रवाई की। धनारी कस्बे में टीम के पहुंचने से पहले ही अपंजीकृत क्लीनिक संचालक भाग खड़े हुए। वहीं, बबराला में तीन चिकित्सक आयुर्वेद पद्धति के चिकित्सक एलोपैथिक दवा का प्रयोग करते मिले। विभाग उनको नोटिस भेजने की कार्रवाई कर रहा है।
एसडीएम रामकेश धामा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम धनारी कस्बे में पहुंची। टीम के पहुंचने से पहले ही अवैध क्लीनिक और नर्सिंग होम संचालक दुकान का शटर बंदकर भाग खड़े हुए। इसके बाद नोडल अधिकारी डॉ. मनोज चौधरी बबराला कस्बे में पहुंचे। यहां उन्होंने सुधींद्र कुमार, प्रदीप रघुवंशी व जितेंद्र वर्मा के क्लीनिक पर छापा मारा। इस दौरान आयुर्वेद की जगह एलोपैथी दवा का उपयोग किया जा रहा था। क्लीनिक के अंदर चल रहे मेडिकल के लाइसेंस भी चिकित्सकों द्वारा उपलब्ध नहीं कराए गए। इन क्लीनिकों पर अग्निशमन यंत्र भी नहीं मिले। बायोवेस्ट का सर्टिफिकेट भी क्लीनिक संचालकों के पास नहीं मिला। नोडल अधिकारी डॉ. मनोज चौधरी ने बताया कि अभियान के तहत तीन क्लीनिकों पर कार्रवाई की गई है। कई खामियां मिलीं। तीनों को नोटिस भेजकर कार्रवाई की जाएगी।