बनियाठेर।
फर्जी एनजीओ बनाकर कॉलोनी के लोगों से मेंटेनेंस चार्ज के नाम पर अवैध धन उगाही करने के मामले में पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मुरादाबाद रोड स्थित चंदौसी ग्रींस कॉलोनी निवासी युवराज सिंह सिरोही ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि विशाल चौहान निवासी गणेश कॉलोनी, गुरदीप सिंह निवासी विकास नगर थाना चंदौसी और अमरपाल सिंह निवासी गांव सनाई थाना बिलारी ने ग्रींस कॉलोनी में वर्ष 2020 में मकान खरीदा था। तीनों युवकों ने लॉकडाउन के दौरान कॉलोनी में एक मीटिंग दिखाकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर एक एनजीओ बना लिया और एनजीओ के माध्यम से कॉलोनी के लोगों से मेंटनेंस चार्ज के नाम पर अवैध रूप से धन उगाही की। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज किया।
क्राइम इंवेस्टिंग अधिकारी बताकर 92 हजार ठगे
-पीड़ित का वीडियो कॉल की रिकॉर्डिंग वायरल करने की धमकी देकर की वसूली
बनियाठेर। साइबर ठग ने खुद को क्राइम इंवेस्टिंग अधिकारी बताकर एक व्यक्ति से 92 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव अल्लीपुर बुजुर्ग निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि वह रुद्रपुर की एक प्राइवेट कंपनी में कार्य करता है। नौ जनवरी की रात करीब सवा दस बजे उसके नंबर पर एक अनजान नंबर से वीडियो कॉल आई। जैसे ही उस वीडियो कॉल को रिसीव किया, तो फोन की स्क्रीन पर एक युवती बेड पर आपत्तिजनक हालत में बैठी दिखी। कुछ देर के बाद वीडियो कॉल अपने आप बंद हो गई। इसके बाद पीड़ित के नंबर पर एक अन्य नंबर से कॉल आती है। जिसे उठाने के बाद सामने वाला व्यक्ति स्वयं को क्राइम इंवेस्टिंग अधिकारी बताता है और बोलता है कि तुम्हारी युवती के साथ वीडियो कॉल का वीडियो वायरल हो गया है। अगर मुकदमे से बचना चाहते हो, तो बताए नंबर पर ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर कर दो।
इसके बाद पीड़ित काफी डर गया और उसने दिए गए नंबर पर पहले 21,000 हजार और दोबारा 27,000 हजार रुपये की धनराशि ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी। इसके बाद एक अन्य नंबर से कॉल आई, जो स्वयं को यूट्यूबर बता रहा था। उसने भी वीडियो डिलीट करने के नाम पर रुपये मांगे, जिसके बाद पीड़ित ने उसके नंबर पर चार बार में 92,500 रुपये की धनराशि ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।