सिरसी। सिरसी और हजरतनगर गढ़ी में बुधवार रात चोरों ने तीन अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। एक मेडिकल स्टोर और दो घरों से कुल 30 हजार रुपये से अधिक की नकदी, सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामान चोरी कर लिए गए। पीड़ितों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पहली घटना सिरसी के मोहल्ला सादक सराय स्थित रहबर मेडिकल स्टोर की है। मेडिकल स्टोर स्वामी के पिता मोहम्मद जहूर ने बताया कि चोर बराबर की दुकान के जीने से छत पर पहुंचे। उन्होंने जीने के दरवाजे और मेडिकल स्टोर का ताला तोड़ा। चोर यहां से करीब 20 हजार रुपये नकद, डीवीआर और टीवी ले गए। दूसरी घटना हजरतनगर गढ़ी में समर खां के घर हुई, जहां से चोर चांदी के जेवर और चावल ले गए।
कपड़ों का एक बक्सा भी उठा ले गए थे, जिसे बाद में घर के पीछे छोड़ दिया। तीसरी वारदात वाजिद खां के घर हुई। उनकी पत्नी नसरीन ने बताया कि चोर कमरे से 10,250 रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर और नए कपड़े चोरी कर ले गए।
एक ही रात में तीन स्थानों पर चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि उन्हें चोरी की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।