सरायतरीन (संभल)। किरारी और पुरा बिजलीघर से जुड़े नौ गांवों से चोरों ने पिछले नौ दिन में 69 खंभों का तार चोरी कर लिया। मामले में किरारी बिजलीघर के अवर अभियंता लखपत सिंह और पुरा बिजलीघर के अभियंता मुनीत कुमार ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
किरारी बिजलीघर अभियंता लखपत सिंह ने तहरीर देकर बताया कि 24 अप्रैल की रात चोर सीतापुर गांव के जंगल सात, मल्हौट के जंगल से सात, लहरावन में रेलवे लाइन के बराबर से 15 और भरतरा में हाईवे के बराबर से सात खंभों का तार चोरी कर ले गए। वहीं 29 अप्रैल की रात किरारी के जंगल से दो व राजपुर के जंगल से चार खंभों का तार चोरी कर लिया।
वहीं पुरा बिजलीघर के अवर अभियंता मुनीत कुमार ने तहरीर में बताया कि 21 अप्रैल की रात चोर रायपुर से एग्रीकल्चर फीटर की 11 केवी विद्युत लाइन के 21 खंभों का तार चोरी कर ले गए। इसके अलावा 24 अप्रैल की रात भी चोर छह विद्युत पोल और पुरा के कृषि फीटर के कई विद्युत खंभों का तार चोरी कर ले गए। कोतवाली प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि किरारी बिजलीघर के अवर अभियंता और पुरा बिजलीघर के अवर अभियंता की तहरीर पर 69 खंभों से तार चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।