जुनावई के अजीजपुर गांव में चोरी होने पर संदूक खोल कर दिखाती महिला बबली देवी। संवाद
जुनावई। थाना क्षेत्र के गांव में चोरों ने एक ही रात में आधा दर्जन मकानों को निशाना बनाया। इन घरों से चोर नकदी व जेवर समेत लाखों का सामान समेट ले गए। पुराने कपड़े व कुछ सामान गांव के बाहर खेतों में छोड़ गए। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर पीड़ितों से जानकारी की। चोरियों को लेकर गांव व आसपास क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
रविवार की रात जुनावई क्षेत्र के ग्राम अजीजपुर में चारों ने धावा बोल दिया। सबसे पहले चोरों ने सुरेंद्र कुमार के घर को निशाना बनाया। इनके मकान में दरवाजा न होने के कारण चोर सीधे कमरे तक पहुंच गए। परिवार वाले सोते रहे और कमरे में रखे संदूक का कुंडा उखाड़ कर उसमें रखे कपड़े व अन्य कीमती सामान निकाल लिया। सुरेंद्र के जीने से होकर पड़ोसी वीरेश पाल के मकान में पहुंच गए। यहां कमरे में पहुंचकर अंदर रखे दो संदूकों को उठा ले गए। इनमें नकदी के साथ ही जेवर, कपड़े व अन्य कीमती सामान रखा था।
इसी के साथ ही चोरों ने ग्रामीण नरेश पाल सिंह के मकान को निशाना बनाते हुए पशुशाला में रखे बड़े संदूक को खोल कर साड़ियों से भरा हुआ बैग निकाल लिया। नरेश पाल सिंह की पत्नी ममता देवी ने बताया कमरे में घुसकर सेफ खोल कर नकदी एवं जेवर सहित चोर हजारों का सामान ले गए हैं। इसके बाद जगदीश की पशुशाला के दरवाजे को खोल कर मकान में प्रवेश कर कमरे का ताला तोड़ कर सेफ में रखे बैग से मंगल सूत्र एवं अन्य जेवरात, कपड़े आदि सामान निकाल ले गए।
इसी साथ कुमरपाल श्रीवास्तव के मकान को निशाना बनाते हुए कमरे का गेट खोल कर पीतल के बर्तन कपड़े, नकदी सहित हजारों का सामान चुरा कर ले गए हैं। कुमरपाल की पत्नी बबली ने बताया वह बच्चों के साथ छत पर कमरे में सो रही थी। जबकि पति दूसरे स्थान पर सो रहे थे। गांव के ही लोचन सिंह के घर को निशाना बनाते हुए चोर जीने के माध्यम से मकान के अंदर प्रवेश कर गए जबकि परिवार के लोग सोते रहे। चोर कमरे में रखा कीमती सामान निकाल कर ले गए। लोचन सिंह की पत्नी नीतू ने बताया कागजों को मकान के पीछे फेंक गए थे।
थाना प्रभारी का कहना है कि चार घरों में चोरी होने की बात सामने आई है। उन्हाेंने कहा कि अभी तक कुमरपाल की ओर से तहरीर मिली है, मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। वारदात को अंजाम देने वाले जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।