संभल। गुन्नौर थाना क्षेत्र के गांव में किसान के घर नकब लगाकर चोर लाखों रुपये का माल उड़ाकर ले गए। चोर घर से नकदी, जेवर, गेहूं व अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
गुन्नौर थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव निवासी रामरहीस गुरुवार की रात खेत पर ट्यूबवैल से सिंचाई करने गए थे। घर पर पत्नी कमलेे कुमारी बच्चों के साथ आंगन में सो रही थी। रात के समय चोरों ने घर के पीछे से दीवार में नकब लगा दिया और अंदर घुस आए। 44 किलो मेंथा तेल, 21 हजार रुपये की नकदी, करीब 40 हजार रुपये के जेवर, पांच बोरी गेहूं, कपड़े सहित अन्य सामान समेट कर ले गए।
कमलेश कुमारी सुबह बच्चों के साथ घर की साफ सफाई के लिए उठीं। उनकी 11 वर्षीय बेटी पुष्पा ने कमरे में पीछे की दीवार में नकब लगा देखा, तो शोर मचा दिया। शोर सुनकर उसकी मां व अन्य लोग आ गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे रामरहीस घर का नजारा देखकर दंग रह गए। उन्होंने गुन्नौर थाना पुलिस क्षेत्र के बैरपुर मेहराजी चौकी प्रभारी मुन्नालाल राणा को सूचना के साथ तहरीर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। किसान रामरहीस के मुताबिक करीब दो लाख रुपये के सामान की चोरी हुई है।