बहजोई (संभल)। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए दूसरे प्रदेशों व जिलों से जिला संभल में प्रवेश करने वाले सभी प्रवासी कामगार लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई जायेगी। यह जानकारी देते हुए प्रभारी कोविड कमांड सेंटर/ डिप्टी कलेक्टर रामकेश सिंह धामा ने बताया कि बाहर से आने वाले सभी लोगों की कोरोना की जांच के लिए जिले भर की सभी तहसीलों में कुछ स्थान चिंहित किये गये हैं। इनमें चंदौसी तहसील के रेलवे स्टेशन व रोडवेज बस अड्डा समेत संभल तहसील में रोडवेज बस अड्डा तथा गुन्नौर तहसील में गुन्नौर तिराहा पर तैनात स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग करेगी। उन्होंने बताया कि थर्मल स्क्रीनिंग के बाद इन लोगों को तहसील वार बनाये गये क्वारंटीन सेंटरों में रखा जाएगा। इसके बाद यहां सभी की कोरोना की जांच कराई जायेगी। जांच के बाद रिपोर्ट में कोरोना के लक्षण मिलने पर उस व्यक्ति को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया जायेगा। लक्षण न मिलने पर उसे घर पर ही आइसोलेट रहने की सलाह दी जाएगी।