चंदौसी। नवीन मंडी स्थित इफ्को किसान केंद्र पर बृहस्पतिवार को एनपीके खाद के लिए किसानों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कनेक्टिविटी नहीं आने से यहां किसानों को घंटों लाइन में इंतजार करना पड़ा। वहीं उन्हें केंद्र इंचार्ज के धीमी कार्य गति से भी परेशान होना पड़ा। सुबह से शाम तक खाद के लिए किसान लाइन में लगे रहे।
बृहस्पतिवार को नवीन मंडी के इफ्को किसान केंद्र पर सुबह से ही एनपीके खाद के लिए किसानों की लंबी लाइन लगी थी। इनमें कई किसान ऐसे थे, जो सुबह चार बजे ही खाद के लिए लाइन में लग गए थे। महिलाएं भी घर का काम काज छोड़कर खाद के लिए लाइन में लगी थीं। केंद्र इंचार्ज के पहुंचने पर सुबह दस बजे करीब खाद का वितरण शुरू हुआ।
कुछ देर बाद ही कनेक्टिविटी चली गई। जिस कारण पॉश मशीन ने कार्य करना बंद कर दिया। कनेक्टिविटी आने जाने का क्रम पूरे दिन चलता रहा। ऐसे में किसानों को घंटों लाइन में बैठकर इंतजार करना पड़ा। ऐसे में कई किसानों ने पर्याप्त खाद न मिलने का आरोप लगाया। किसानों ने कहा कि बिना एनपीके खाद के उनकी बुआई नहीं हो पाएगी। अगर समय से फसल की बुआई नहीं हुई तो उनको नुकसान पहुंच सकता है।