गुन्नौर(संभल)। गांव गोठना में बृहस्पतिवार को घूर पर कूड़ा डालने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग एक दूसरे के साथ गाली गलौज व लाठी डंडों से मारपीट करने लगे।
मारपीट में एक पक्ष से धर्मवीर और उसकी पत्नी पुष्पा व भाई राजपाल और मां राजकुमारी घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष से महिला अजुद्धी के सिर में गंभीर चोट आई। परिजनों ने बताया कि राजकुमार घूर पर कूड़ा डालने गई थी। इस बात का दूसरे पक्ष के लोग विरोध करने लगे और उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया और घायलों को मेडिकल के लिए सीएचसी भेजा। जहां प्राथमिक उपचार के बाद अजुद्धी को चिकित्सक ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। कार्यवाहक थाना प्रभारी संदीप मलिक ने बताया कि दोनों पक्षों से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद