चन्दौसी। नगर के प्रवेश मार्गों पर राहगीरों व स्थानीय लोगों को इस समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंडी रेलवे फाटक को आरओबी निर्माण के चलते बंद कर दिया गया है। वहीं कब्रिस्तान रेलवे फाटक के पास सड़क चौड़ीकरण के चलते भारी वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया है। उधर, मुरादाबाद-अलीगढ़ हाईवे के नए बाईपास जीरो पाइंट पर मार्ग को दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है। जिसके चलते एक साइड से वाहनों को निकाला जा रहा है। जिसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बीते एक वर्ष से मंडी रेलवे फाटक पर आरओबी का निर्माण का कार्य जारी है। जिसके चलते इस मार्ग को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। फाटक के दूसरी ओर हजारों की संख्या निवास करती है। वहीं इस मार्ग का उपयोग मुरादाबाद व बदायूं की ओर जाने के लिए ज्यादा होता है। मंडी जाने वाले व्यापारी और किसान भी इसी रेलवे फाटक का उपयोग करते थे। लेकिन अब आरओबी निर्माण के चलते रेलवे फाटक बंद होने से व्यापारियों, किसानों व मुरादाबाद की तरफ जाने वाले लोगों को कब्रिस्तान रेलवे फाटक का प्रयोग करना पड़ रहा है। लेकिन यहां भी सड़क चौड़ीकरण के चलते बड़े वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। सिर्फ चार पहिया, बाइक और ई रिक्शा के लिए ही कब्रिस्तान रेलवे फाटक से गुजरने की अनुमति है।
यहां भी आलम ये है कि अगर कोई एंबुलेंस मरीज लेकर इस फाटक से गुजरे, तो उसे भी जाम में फंसना पड़ रहा है। वहीं सड़क चौड़ीकरण के चलते मुरादाबाद और बदायूं डिपो की बसें बदायूं चुंगी पर रोकी जा रही हैं। ऐसे में सबसे ज्यादा परेशानी मुरादाबाद पढ़ने वाले छात्र- छात्राओं को हो रही है। उनकी बसों के चालक भी या तो बदायूं चुंगी पर बस खड़ी कर छात्रों को मुरादाबाद के लिए ले जा रहे है या फिर उन्हें नए बाईपास का प्रयोग करना पड़ रहा है। यहां भी नए बाईपास जीरो प्वाइंट पर मार्ग को दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है। थोड़ी-थोड़ी दूरी पर सड़क को भरने का कार्य चल रहा है। जिससे ट्रैफिक की रफ्तार कम हो गई है।
वहीं, मामले में अफसरों का कहना है कि लोगों की परेशानी को देखते हुए काम तेजी से किया जा रहा है। जल्द लोगों को राहत मिलेगी।
..............
दवाइयों के काम के सिलसिले में मुरादाबाद जाना पड़ता है। कब्रिस्तान रेलवे फाटक पर बदायूं चुंगी तक के लिए ई रिक्शा कम जाते हैं। जिससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अमित कुमार, एमआर
.............
मुरादाबाद की टीएमयू यूनीवर्सिटी में बीटेक कर रहा हूं। ऐसे में बदायूं चुंगी तक पैदल जाना पड़ता है।
अरुण कुमार, छात्र
.........
अगर मरीज को मुरादाबाद ले जाना पड़े, तो कब्रिस्तान रेलवे फाटक पर जाम का सामना करना पड़ रहा है। तो वहीं न्यू बाइपास पर सड़क मरम्मत का कार्य चल रहा है। जिसके चलते यहां भी जाम की समस्या बन जाती है।
मधुप, एंबुलेंस चालक