चंदौसी (संभल)। रबी का सीजन शुरू होते ही किसानों ने आलू और सरसों की बुआई शुरू कर दी है। जिससे एनपीके की मांग बढ़ गई है, लेकिन सहकारी समितियों पर खाद की कमी के चलते मारमारी है। सुबह से समितियों पर किसानों की भीड़ लग रही है। कई समितियों पर पर्याप्त खाद नहीं पहुंच पा रहा है। वहीं विभाग का दावा है कि जनपद में पर्याप्त खाद उपलब्ध है।
जिले में 73 सहकारी समितियां है। यहां किसानों को सब्सिडी पर खाद उपलब्ध कराया जाता है। वर्तमान में किसानों ने रबी की फसलों की तैयारी शुरू कर दी है। किसान आलू और सरसों की बुआई कर रहे हैं। इसके लिए चंदौसी, गुन्नौर और संभल तहसील में एनपीके खाद की मांग बढ़ गई है। किसान खाद के लिए समितियों के चक्कर लगा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र की समितियों पर खाद उपलब्ध नहीं है। इस लिए किसान शहर तक पहुंच रहे हैं। यहां विभाग का दावा है कि जनपद में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। ट्रांसपोर्ट कंपनी पर पर्याप्त साधन न होने की वजह से समितियों पर खाद पहुंचने में देरी हो रही है। हालांकि डिमांड के हिसाब से खाद पहुंचाया जा रहा है। ट्रांसपोर्ट संचालक को साधन बढ़ाने के लिए पत्र लिखा गया है। खाद की स्थिति की बात करें तो शनिवार को नवीन मंडी स्थित किसान इफ्को केंद्र पर सुबह में खाद उपलब्ध नहीं था। हालांकि दोपहर में एक ट्रक खाद पहुंचा। इसके बाद केंद्र पर खाद लेने के लिए किसानों की लाइन लग गई। क्षेत्राधिकारी अंकुर तेवतिया ने बताया कि शुक्रवार को 500 कट्टे वितरण किए गए थे। शनिवार दोपहर भी एक ट्रक खाद का स्टॉक आया है। जिसे शाम तक वितरण किया गया।
वर्जन
जिले में 5935 एमटी एनपीके उपलब्ध है। जैसे-जैसे जरूरत होती है, उसी के अनुसार खाद वितरण कराया जा रहा है। -वीरेंद्र उपाध्याय, एआर कोआपरेटिव