संभल। जिले में 1.50 लाख से अधिक लोगोें के सामने गैस की समस्या गहरा गई है। कई-कई दिन इंतजार करना पड़ रहा है। लोग कार्यालय पहुंचकर जानकारी जुटा रहे हैं। सर्दी के मौसम और रोजमर्रा में शामिल गैस के न मिलने से वे परेशान हो गए हैं। उनकी मांग है कि प्रशासन इस ओर ध्यान दें, ताकि समस्या का कुछ समाधान मिल सकें।
मंगलवार सुबह में हल्लूसराय स्थित एचपी गैस एजेंसी के कार्यालय पर लोगों की भीड़ थी। यहां मौजूद लोगों से बातचीत की तो वह गैस न मिलने से परेशान दिखाई दिए। उनका कहना था कि सर्दी का मौसम है और गैस मिल नहीं रही। इससे ज्यादा समस्या क्या हो सकती है। सबसे ज्यादा समस्या उन लोगों को है, जिनके पास एक ही सिलिंडर है और खत्म होने पर दूसरा रीफिल कराते हैं।
सिरसी गैस एजेंसी के संचालक शराफत ने बताया कि पंजाब के भठिंडा शहर में गैस रिफाइनरी की रूटीन मरम्मत चल रही है। इस कारण आपूर्ति बाधित है। अतरासी के निकट गोदाम से भी गैस नहीं मिल रही है। हालांकि, यह समस्या ज्यादा दिन नहीं चलेगी। बताया कि दो-चार दिन में सामान्य हो जाएगी। कुछ सामान्य हो भी रही है। जिले में एचपी गैस से जुड़ी दस एजेंसिया हैं, जिनसे करीब डेढ़ लाख कनेक्शन हैं। इन्हीं को आपूर्ति की जाती है। लेकिन अब आपूर्ति कम है तो कई-कई दिन में सिलिंडर मिल रहा है। उनका कहना है कि पूरा नॉर्थ जॉन इससे प्रभावित है।
0000
यह बोले लोग
बुकिंग कराए आठ दिन से ज्यादा हो गए हैं लेकिन गैस नहीं मिली है। कार्यालय आए लेकिन ऊपर से समस्या बताई गई। सर्दी में गैस समय न मिली तो मुश्किल हो जाएगी।
-मोहम्मद परवेज, कोटगर्बी
000
नौ दिन पहले बुक कराई थी लेकिन सिलिंडर नहीं मिला। कई बार कार्यालय के चक्कर लगाए हैं लेकिन कुछ न हुआ। एक ही सिलींडर है, वह भी खाली हो गया है।
-वसीम, चौधरी सराय
000
इधर-उधर से मांगकर काम चलाया जा रहा है। इंडेक्शन का भी सहारा लिया है। करीब 15 दिन पहले बुकिंग कराई थी। लेकिन डिलीवर नहीं मिली है। समस्या का कोई समाधान नहीं मिल रहा है।
-नुजरत हुसैन, कोटगर्बी
000
कई दिन से गैस के लिए चक्कर लगाने पड़ रहे हैं लेकिन गैस नहीं मिल रही है। कोई कुछ ठीक जवाब देने को तैयार नहीं है। इस तरह कब तक समस्या झेलेंगे, कुछ समझ नहीं आ रहा।
-हाजी असलम, कोटगर्बी