नगर में मंगलवार रात सराफ के मकान का जाल उखाड़कर चोर नगदी समेत लाखों रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। घटना मोहल्ला टंकी में हुई। देर रात लौटे सराफ परिवार की घर की हालत देख कर होश उड़ गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।
मोहल्ला टंकी निवासी सुनार रंजीत रस्तौगी अपने परिवार के लोगों के साथ बीती 18 फरवरी को अपने भांजे की शादी में बाहर गए हुए थे। बीती 20 फरवरी की देर रात जब वह अपने परिवार के लोगों के साथ घर वापस लौटे और घर के दरवाजे का ताला खोला, तो देखा कि घर के कमरों के दरवाजे खुले हुए हैं। अलमारी खुली है और सामान जमीन पर बिखरा पड़ा है।
बाद में देखा तो सामने आया कि छत का जाल उखड़ा हुआ है और सरिया कटी हुई हैं। बाद में बारीकी से देखभाल की, तो सामने आया कि चोर घर में रखे अधबने सोने के जेवर समेत करीब 10 हजार रुपये की नगदी ले गए। सुनार के मुताबिक चोर सोने के अधबने सामान नगदी समेत करीब ढाई लाख रुपये का सामान ले गए। घटना की सूचना थाना पुलिस को दी गई है। कोतवाल ब्रजमोहन गिरि का कहना है कि घटना की जांच-पड़ताल कराई जा रही है।