संभल/पवांसा। बहजोई थाना क्षेत्र के गांव पवांसा में दो मंदिरों को चोरों ने निशाना बनाया है। इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई तो रोष पनप गया। चोरी होने की सूचना पर हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता भी पहुंच गए। पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए और रोष जाहिर करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बुधवार की रात किसी समय गांव पवांसा में जूनियर हाईस्कूल के नजदीक स्थित शनि देव महाराज के मंदिर से पीतल की मूर्ति चोरी हो गई। वहीं पास स्थित प्राचीन शिव मंदिर से भी पीतल की मूर्ति चोरी हुई है। इसकी जानकारी हिंदू वाहिनी के कार्यकर्ताओं को हुई तो उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की।
जिला मंत्री देवांशु राघव ने कहा कि धर्म विरोधी लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस गश्त नहीं कर रही है। तभी इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक महीने पहले साप्ताहिक बाजार के मैदान में गोवंशीय पशु की हत्या कर अवशेष फेंके गए थे। उस समय भी पुलिस ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। अब मंदिरों से चोरी की गई है। मूर्ति बरामद और सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई है। इस दौरान अवधेश प्रताप सिंह, सुमित राघव, आनंद राघव, बिट्टू राघव, देवांशु राघव, संजय कुमार, सत्यपाल सिंह, अरविंद कुमार, भुवनेश राघव, प्रदीप राघव, निर्भय राघव, गौरव वर्मा, अभय पाल राघव, पूरन राघव, रतीश राघव, विकास राघव, विवेक राघव, संजीव कुमार तुषार राघव आदि मौजूद रहे।