गुन्नौर(संभल)। कस्बे के मोहल्ला लाइन पार निवासी युवक चार महीने से तनख्वाह न मिलने पर हरियाणा के पानीपत से जेसीबी लेकर भाग निकला। सोमवार शाम करीब सात बजे आई हरियाणा पुलिस ने युवक के पास से जेसीबी को बरामद किया। साथ ही पुलिस युवक को हरियाणा ले गई।
गुन्नौर थाना प्रभारी वेदप्रकाश गुप्ता ने बताया कि कस्बे के मोहल्ला लाइन पार निवासी मोनू जेसीबी चलाने का काम करता है। वह हरियाणा के पानीपत में किसी कंट्रक्शन कंपनी में जेसीबी चलाने का कार्य करता था। बताया कि बीते चार महीने से मालिक ने जेसीबी चालक को तनख्वाह नहीं दी। जिसके बाद चालक रविवार सुबह दस बजे पानीपत से जेसीबी लेकर बबराला आ गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मालिक ने युवक के खिलाफ पानीपत जिले के थाना मतलौड़ा में जेसीबी ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार शाम को आई हरियाणा पुलिस ने कस्बा पुलिस से युवक की गिरफ्तारी के लिए सहयोग मांगा। जिसके बाद हरियाणा व थाना पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। युवक को हरियाणा पुलिस के साथ भेजा जा रहा है।