गांव जैरोई हयातनगर में बच्चे ने पुड़िया में सूख रही गंधक-पोटाश को जलते चूल्हे में फेंक दिया। चूल्हे से पुड़िया को निकालकर बाहर फेंकने के दौरान पिता के हाथ गंधक-पोटाश के धमाके से झुलस गए। इस घटना से वह घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है। जहां हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया।
बहजोई क्षेत्र के गांव जैरोई हयातनगर में धनीराम (30) अपने परिवार के साथ रहते हैं। बंदरों को भगाने के लिए उन्होंने घर में गंधक-पोटाश रखा था। बारिश में गंधक-पोटाश में नमी आने पर सोमवार की सुबह छह बजे धनीराम ने गंधक-पोटाश को पुड़िया में बांधकर जलते चूल्हे के पास रख दिया था। इस दौरान परिवार के अन्य लोग भी चूल्हे के पास बैठे थे। तभी धनीराम का दो साल का बेटा आयुष खेलते हुए आया और पुड़िया उठाकर जलते चूल्हे में डाल दिया। यह देख धनीराम ने अपने पुत्र को चूल्हे से हटाया और जलती पुड़िया को चूल्हे से निकाल कर बाहर फेंकने गया, तभी हाथ में पुड़िया धमाके के साथ फट गई, जिससे युवक का हाथ बुरी तरह लहूलुहान हो गया। परिजन घायल को लेकर सीएचसी पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने युवक को हायर सेंटर रेफर कर दिया।