गुन्नौर। कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़िया में शुक्रवार देर रात राजकुमारी (25) ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह पड़ोसियों ने घर का गेट न खुलने पर छत के रास्ते घर में जाकर देखा। वहां महिला का शव फंदे पर लटका मिला, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पड़ोसी ओमप्रकाश ने बताया कि राजकुमारी के पति विजय सिंह शुक्रवार रात बदायूं के पड़रिया गांव में भागवत में ढोलक बजाने गए थे। उनके पिता ओमप्रकाश दूसरे मकान में सो रहे थे। राजकुमारी घर में अकेली थी। शनिवार सुबह आठ बजे तक गेट नहीं खुला।
पड़ोसियों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका पर पड़ोसी छत के रास्ते घर में घुसे। उन्होंने देखा कि राजकुमारी बेड के सहारे दीवार में लगी खूंटी पर गमछे के फंदे से लटकी हुई थी।
शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर ससुर, पति और मायके वाले मौके पर पहुंचे। गुन्नौर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि महिला के आत्महत्या की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।