चंदौसी(संभल)। श्री नारायण सेवा समिति की ओर से रविवार को पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन ब्रज नगर कॉलोनी के भोलेनाथ भवन में किया गया। इसमें बीते दिनों समिति की ओर से हुई कला प्रतियोगिता के विजेताओं को शील्ड व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह की शुरुआत कवि सुखपाल सिंह गौर ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुति देकर की। शैलेंद्र वार्ष्णेय ने गीत और कवि सुखपाल सिंह गौर ने कविता सुनाकर सभी का मन मोह लिया। इसके बाद प्रबंधक हरीश कठैरिया ने समिति की प्रगति आख्या, उद्देश्य और कार्यों की जानकारी दी। समिति प्रबंधक ने बताया कि प्रतियोगिता चार वर्गों में आयोजित की गई थी।
प्रथम वर्ग के छात्र- छात्राओं को हमारा प्यारा तिरंगा झंडा या जल बचाओ, दूसरे वर्ग में वंशी वादक श्रीकृष्ण या वर्षा का दृश्य, तृतीय वर्ग में स्वच्छता अपनाओ रोग भगाओ या चिनाब पुल और चतुर्थ वर्ग के बच्चों को ऑपरेशन सिंदूर या पौधारोपण अभियान का चित्रण करने के लिए दिया गया था।
प्रतियोगिता के प्रथम वर्ग में जीके सिल्वर स्टोन के प्रत्यांश कुमार प्रथम, सरस्वती शिशु मंदिर हनुमानगढ़ी की अनिका मिश्रा द्वितीय व एएम वर्ल्ड स्कूल की अंबिका अग्रवाल तृतीय स्थान पर रहीं। द्वितीय वर्ग में सरस्वती शिशु मंदिर हनुमानगढ़ी की हंसिका यादव प्रथम, रेलवे मिश्रित जूनियर हाई स्कूल की रितिका द्वितीय और सेंट थॉमस पब्लिक स्कूल के दर्शाराज तृतीय स्थान पर रहे।
तृतीय वर्ग में एएम वर्ल्ड स्कूल के तेजस्वी कुमार प्रथम, न्यू सत्यम एकेडमी के मोहम्मद अली द्वितीय और जीके सिल्वर स्टोन के आदित्य गौतम तृतीय स्थान पर रहे। चतुर्थ वर्ग में एएम वर्ल्ड स्कूल की नित्या अग्रवाल प्रथम, रामप्यारी आर्य कन्या इंटर कॉलेज की अदिति द्वितीय और एएम वर्ल्ड स्कूल के शुभ सक्सेना तृतीय स्थान पर रहे। इसके अलावा सात-सात सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए।
इस अवसर पर कृष्ण गोपाल मंगलम, बृजगोपाल गुप्ता, जयशंकर प्रसाद, सुभाष वार्ष्णेय, दृगपालसिंह, नरेशपाल यादव, केजी गुप्ता, विपिन कुमार गुप्ता, मुकुंद अग्रवाल, विपिन कुमार, डॉ. डीके अग्निहोत्री, नितेश उपाध्याय, सूर्यजीतसिंह, डॉ. आशीष यादव, मुकुंद अग्रवाल आदि मौजूद रहे।