संभल। जिले में औद्योगिक गलियारा का दायरा बढ़ाने के लिए दूसरे चरण में 303 हेक्टेयर भूमि और चिह्नित की गई है। इस भूमि की खरीद से पहले यूपीडा की टीम 31 मार्च को स्थलीय निरीक्षण करेगी। इस संबंध में यूपीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शशांक चौधरी आईएएस ने जिला प्रशासन को पत्र जारी
करके संबंधित अधिकारियों को मौके पर मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। ताकि, सभी पहलुओं पर चर्चा फाइनल हो सकें। मेरठ से प्रयागराज के बीच 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का 38 किलोमीटर का हिस्सा संभल जिले में है। खिरनी में जंक्शन बना है। इस जंक्शन के किनारे ही बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाओं के साथ उद्योग लगाने के लिए औद्योगिक गलियारा विकसित हो रहा है।
पहले चरण में प्रशासन ने 240 हेक्टेयर भूमि खरीदी। जहां काम जारी है। औद्योगिक गलियारा के दायरे को बढ़ाने के लिए बीते दिनों शासन के निर्देश पर संभल-आदमपुर मार्ग किनारे गांव भमौरी पट्टी, खरसपा और सौंधन मोहम्मदपुर में 303 हेक्टेयर भूमि और चिह्नित की गई। यह भूमि फाइनल हो गई है। नक्शा भी जारी हो गया है।
वर्तमान में इसके खरीदने की प्रक्रिया चल रही है। इससे पहले यूपीडा की टीम स्थलीय निरीक्षण करेगी। यूपीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शशांक चौधरी के पत्र के मुताबिक, 31 मार्च को यह टीम निरीक्षण करेगी। यूपीडा का पत्र मिलने के बाद प्रशासन ने इसकी तैयारियां शुरू की हैं।