चंदौसी में भारत विकास परिषद के कार्यक्रम में राज्यमंत्री को प्रतीक चिह्न देते समिति के सदस्य :
चंदौसी(संभल)। भारत विकास परिषद की ओर से रविवार को सीता रोड की एक धर्मशाला में प्रांत स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें अलग-अलग स्कूलों की छह टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में एएन पब्लिक स्कूल बिलासपुर की टीम ने जीत की ट्रॉफी अपने नाम की। कार्यक्रम के समापन पर प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान लाने वाली टीमों को सम्मानित किया गया।
रविवार को प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी व कृष्ण गोपाल मंगलम आदि रहे। प्रतियोगिता में एएम वर्ल्ड स्कूल, एएन पब्लिक स्कूल बिलासपुर, सीनियर सेकेंडरी स्कूल व पीएमएस पब्लिक स्कूल और स्प्रिंग फील्ड स्कूल मुरादाबाद, आनंद काॅन्वेंट स्कूल रामपुर की टीमें शामिल हुई। सभी टीमों ने समूहगान की सुंदर प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
निर्णायक मंडल के अनुसार एएन पब्लिक स्कूल की टीम ने प्रथम, एएम वर्ल्ड स्कूल और पीएमएस पब्लिक स्कूल की टीम द्वितीय और स्प्रिंगफील्ड्स स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों विजेता टीमों को मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष प्रभात कृष्णा, शाखा सचिव विपिन कुमार, डॉ. दुर्गा टंडन, अभिषेक गुप्ता, संजीव शर्मा, प्रवीण गुप्ता, भावना गुप्ता, डाॅ. सुमन गुप्ता, डीसी गुप्ता, आशा गोस्वामी, हेमलता गुप्ता, हरीश कठेरिया आदि मौजूद रहे।