संभल। श्री महाकाल सेवा परिवार श्री कल्कि नगरी संभल के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को बाबा महाकाल की पालकी धूमधाम से निकाली गई। पालकी में शामिल में झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
नगर के मोहल्ला कोट पूर्वी में स्थित गौरी सहाय मंदिर में सिद्धेश्वर दयाशंकर महादेव का अलौकिक शृंगार शिवा कश्यप ने किया। इसके बाद आरती कर पालकी यात्रा शुरू की गई। पालकी यात्रा निर्धारित मार्ग गौरी सहाय मंदिर से शुक्ला पान भंडार, चक्की का पाट, टंडन तिराहा, पुरानी तहसील रोड, शंकर कालेज चौराहा, सूर्यकुंड मंदिर, रहट वाला मंदिर, सरथल चौकी, पंजाबी मंदिर होते हुए वापस गौरी सहाय मंदिर पर संपन्न हुई।
शंकर कॉलेज चौराहा पर श्री तुलसी मानस मंदिर में भगवान श्रीराम का बाबा महाकाल के साथ हरिहर मिलन संपन्न हुआ। इसके बाद हरिहर भगवान की आरती की गई। पालकी में सबसे आगे चार घोड़ों के ऊपर सैनिक, उसके पीछे अघोरी करतब दिखाते हुए चल रहे थे। पालकी में बैठे बाबा महाकाल के दर्शन कर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। रात में गौरी सहाय मंदिर में भव्य कीर्तन हुआ। जिसमें रुद्रपुर के अमन सांवरिया व संभल के अतुल अग्रवाल व शशांक अग्रवाल ने बाबा महाकाल के भजनों की प्रस्तुति देते हुए गुणगान किया। इस दौरान महंत बाल योगी दीनानाथ, भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, संगठन के अध्यक्ष निशिकांत तिवारी, शिवा कश्यप, दीपांशु राजपूत, कुलदीप गुप्ता, हर्षित गुप्ता, शिवांश शर्मा आदि रहे।