संभल। असमोली थाना क्षेत्र के गांव परियावली में रविवार को जब एक ही परिवार के तीन सदस्यों का अंतिम संस्कार हुआ तो हर आंख नम हो गई। पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा है। खेती के लिए जमीन नहीं है और कमाई का दूसरा जरिया नहीं बचा है। जाहिर है कि इस परिवार के सामने अब आर्थिक संकट मंडराएगा।
विजेंद्र सिंह ट्रक ड्राइवर थे। वह अपने बड़े भाई मलखान सिंह की मौत के बाद से परिवार का पूरा खर्च चला रहे थे। शनिवार को भी भतीजी रेनू और भतीजे हिमांशु को चप्पल दिलाने के लिए बाइक से निकले थे। संभल-असमोली मार्ग पर बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने रौंद दिया। इसमें तीनों की मौत हो गई। रविवार की सुबह तीनों शव गांव पहुंचे तो हर कोई मायूस दिखाई दिया। विजेंद्र सिंह की भतीजी रिंकी ने बताया कि वह 11वीं कक्षा में पढ़ाई करती है। दूसरी बहन पिंकी भी 11वीं कक्षा में है। बताया कि उसके पिता की छह महीने पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। चाचा ही परिवार का पालन पोषण करते थे। बताया कि वह तीन बहन और एक भाई थे। एक बहन और इकलौते भाई की मौत होने से मां विनीता देवी की हालत बेहाल है। रिंकी ने बताया कि उनके पास अब जमीन का सहारा नहीं है। कमाने वाले चाचा हादसे का शिकार हो गए और इकलौता भाई भी हादसे की भेंट चढ़ गया।
भाई-बहन और उनके चाचा की हादसे के दौरान जान लेने वाले अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने आसपास इलाके में लगे सीसीटीवी खंगाले हैं। आरोपी की सुरागकशी की जा रही है। एएसपी श्रीश्चंद्र का कहना है कि जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।