संभल। नगर के मोहल्ला दुर्गा कॉलोनी स्थित ज्ञानदीप मंदिर में हिंदू जागृति मंच की बैठक हुई। इसमें संगठन के मंडल महामंत्री अजय गुप्ता सराफ ने कहा कि संभल 68 तीर्थों व 19 कूपों समेत हरिहर मंदिर की पुण्य भूमि है। धर्म शास्त्रों, ग्रंथों के अनुसार कलयुग में भगवान श्री कल्कि विष्णु का अवतार संभल नगर में ही होना है। वक्ताओं ने संभल नगर को पर्यटन स्थल घोषित करने की मांग उठाई है।
जिलाध्यक्ष अरुण कुमार अग्रवाल ने कहा कि साधु-संतों, पुरोहितों एवं पंडित जनों ने सामूहिक रूप से संभल नगर को पर्यटन नगरी घोषित कराने की मांग का प्रस्ताव पास किया था। अनंत कुमार अग्रवाल ने उपजिलाधिकारी, जिलाधिकारी, कमिश्नर, पर्यटन मंत्री, मुख्यमंत्री, गृहमंत्री, प्रधानमंत्री समेत सभी जिम्मेदारों से मिलने, ज्ञापन देने व संभल की आवश्यकता और महत्व सिद्ध करने के लिए निरंतर संघर्ष करने की आवश्यकता बताई।
अजय कुमार शर्मा ने सभी सदस्यों को सामूहिक रूप से संकल्प दिलाया कि सभी आम और खास लोगों का सहयोग लेते हुएसंभल नगर को पर्यटन स्थल घोषित कराने के लिए पुरजोर प्रयास किया जाएगा।
बैठक में सुभाष चंद्र शर्मा, अरविंद शंकर शुक्ला, अमन सिंह, भरत मिश्रा, श्याम शरण दालभ, सुभाष चंद्र मोंगिया, विकास कुमार वर्मा, सुबोध कुमार गुप्ता, सरिता गुप्ता, गुंजा गुप्ता, नेहा मलय, अमित शुक्ला, विष्णु कुमार, शलभ रस्तोगी आदि सदस्यों ने अपने विचार रखे। अध्यक्षता अजय कुमार शर्मा व संचालन वैभव गुप्ता ने किया।