चंदौसी। बीते दिनों हुई बारिश ने लोगों को जहां गर्मी से राहत दी। वहीं, इस मौसम में सावधानी न बरतने वालों को आंखों के संक्रमण की समस्या होने लगी है। तेज धूप और बारिश के कारण लोगों को नेत्रों का संक्रमण सता रहा है। सीएचसी के नेत्र विभाग में दिन प्रतिदिन आंखों में जलन, लालपन और सूजन और खुजली व दर्द जैसी समस्या लेकर मरीज पहुंच रहे हैं। वहीं, ऐसे मरीजों को चिकित्सक दवा के साथ-साथ सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
इन दिनों सीएचसी के नेत्र विभाग के बाहर मरीजों की लंबी लाइन लग रही है। आधा- आधा घंटे के बाद मरीजों का नंबर नेत्र चिकित्सक के पास पहुंचने में लग रहा है। सीएचसी के नेत्र चिकित्सक एमपी सिंह ने बताया कि बारिश के मौसम और तेज धूप के कारण लोगों को बैक्टीरियल इंफेक्शन यानी आई फ्लू की समस्या हो जाती है। इससे लोगों को आंखें लाल होना, आंखाें में जलन व खुजली और पानी आने की समस्या हो जाती है।
सीएचसी में हर रोज 60 से 70 के बीच ऐसे मरीज उनके पास आ रहे हैं। ऐसे मरीजों की जांच के बाद दवा व जरूरी सलाह दी जा रही है। ऐसे मरीजों को बताया जा रहा है कि वे अपनी तौलिया, रूमाल आदि को अलग रखें ताकि परिवार के अन्य सदस्य को नेत्र संक्रमण की परेशानी न हो। बेहतर इलाज और सावधानी बरत कर नेत्र संक्रमण को एक सप्ताह में ठीक किया जा सकता है।
................
ऐसे करें बचाव
- आंखों को बार-बार छूने से बचे।
- नेत्र संक्रमित व्यक्ति अपनी तौलिया व रूमाल अलग रखें।
- हाथों को बार- बार धोना चाहिए।
- धूप से बचने के लिए चश्मे का प्रयोग करें।
- आंखों को साफ और ठंडे पानी से साफ करें।
- बिना चिकित्सक सलाह के कोई भी आई ड्राप का इस्तेमाल न करें।