संभल। जिले के तीन गांवों की जल्द तस्वीर बदलने वाली है। यह गांव मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) में शामिल हो गए हैं। इन गांवों में कैबिनेट से मंजूरी मिलते ही एमडीए की ओर से विकास कार्य कराए जाएंगे। साथ ही जमीनों की कीमत भी आसमान छू जाएगी। कोई भी निर्माण बिना नक्शा पास नहीं होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को काफी लाभ होगा।
असमोली ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले गांव पैंतिया माफी, इटायला माफी और मालपुर उर्फ मल्हपुर में विकास कार्य और सफाई व्यवस्था पूरी तरह दुरूस्त नहीं है। एमडीए का दायरा बढ़ा तो संभल के यह तीन गांव भी शामिल हो गए। इसका लाभ तीन गांवों की करीब 60 हजार आबादी को मिलेगा। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि सरकार से मंजूरी तो काफी समय पहले मिल चुकी है। कैबिनेट की बैठक में मंजूरी मिलनी बाकी है। मंजूरी मिलने के बाद विकास कार्य जो एमडीए की ओर से कराए जाएंगे वह इन तीनों गांवों में भी होंगे। बिना नक्शे के कोई निर्माण नहीं हो सकेगा। विकास कार्य, बिजली आपूर्ति और अन्य महत्वपूर्ण कार्य कराएं जाएंगे।
जिले के औद्योगिक क्षेत्र बनेंगे तीनों गांव
जो तीन गांव एमडीए में शामिल हुए हैं इन तीनों गांवों में मुरादाबाद की कई फर्मों ने जमीन खरीद कर ली है। वर्ष 2020 से ही बैनामे कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। फर्मों को पहले से ही जानकारी मिल गई थी इसलिए काफी जमीनों की खरीद की गई है। जब यह तीनों गांव एमडीए में शामिल हो जाएंगे तो फर्म अपनी इकाई स्थापित करेंगी। इससे इन तीनों गांवों के लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ जाएंगे।
इटायला माफी में सबसे ज्यादा बैनामें कराए जा रहे हैं। क्योंकि यह गांव मुरादाबाद सीमा के सबसे ज्यादा करीब है। तीन किलोमीटर की दूरी पर मुरादाबाद जिला लग जाता है। संभल उप निबंधक संदीप कुमार ने बताया कि इस समय हर महीने दस तक बैनामे कराए जा रहे हैं। वर्ष 2020 में ज्यादा बैनामे फर्मों ने कराए थे। अब लोग प्लॉट आदि के बैनामे ज्यादा कराने के लिए आ रहे हैं। राजस्व मामलों के वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि बैनामे अब सामान्य हो रहे हैं। वर्ष 2020-21 में ज्यादा कराए गए थे।