चंदौसी। असालतपुर जारई स्थित जिला कार्यालय पर समाजवादी व्यापार सभा की बैठक आयोजित की गई। इसमें जिले के प्रत्येक बाजार, कस्बे और गांव तक सभा की कमेटियों को मजबूत करने का निर्णय लिया गया। छोटे व्यापारियों, दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी कारोबारियों के अधिकारों व हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने का संकल्प लिया गया।
जिलाध्यक्ष सुभाष पाल ने कहा कि व्यापारी समाज की एकजुटता ही अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ सबसे बड़ी ताकत है। इस दौरान बढ़ती महंगाई और ऑनलाइन व्यापार से छोटे दुकानदारों को हो रहे नुकसान पर चिंता जताई गई। प्रशासनिक स्तर पर व्यापारियों की समस्याओं की अनदेखी को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।
समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। पाल ने यह भी कहा कि कार्यकर्ताओं का समर्पण ही व्यापारी हितों की लड़ाई को मजबूती और नई ऊर्जा प्रदान करता है।
बैठक में सुरेश पाल सिंह, अशफाक खां, जयचन्द, निहोरा यादव, मुन्नन, छत्रपाल सिंह पाल, प्रमोद राघव, जगदीश, छोटेलाल कश्यप, बबलू लाला, पन्नालाल मौजूद रहे। ब्यूरो