संभल। जामा मस्जिद सर्वे के दौरान उपद्रव में घायल हुए तीन लोगों को सपा की ओर से दो-दो लाख रुपये के चेक दिए हैं। यह चेक सपा के संभल विधायक इकबाल महमूद ने अपने आवास पर बुलाकर घायलों के परिजनों को सौंपे हैं। इस दौरान सपा के जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी भी मौजूद रहे। यह तीनों घायल फिलहाल जेल में बंद हैं और उपद्रव करने के मामले में आरोपी हैं।
मंगलवार को असमोली थाना क्षेत्र के गांव शाहबाजपुर कला निवासी अजीम, संभल कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कोटगर्बी निवासी शारिक और रिहान के परिजनों को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा भेजे गए दो-दो लाख रुपये के चेक सौंपे हैं। जिलाध्यक्ष ने बताया कि 24 नवंबर 2024 को जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुए बवाल के दौरान इन तीनों को गोली लगी थी। पुलिस ने उपद्रव में आरोपी बनाकर जेल भेज दिया था। अभी तक जमानत नहीं हुई है।
बताया कि पार्टी ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये के चेक 30 दिसंबर 2024 को प्रतिनिधिमंडल के द्वारा भेजे थे। अब घायलों के लिए दो-दो लाख रुपये के चेक विधायक को सौंपे थे। इसी क्रम में पीड़ित परिजनों को यह चेक सौंपे गए हैं।
इन मृतकों के परिजनों को मिले थे पांच-पांच लाख रुपये के चेक
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कोटगर्बी निवासी नईम, अयान, तुर्तीपुर इल्हा निवासी कैफ, हयातनगर निवासी रोमान और सरायतरीन निवासी बिलाल की बवाल में गोली लगने से जान गई थी। इन पांचाें मृतकों के परिजनों को सपा के प्रतिनिधिमंडल ने पांच-पांच लाख रुपये के चेक सौंपे थे। इसके बाद ही अखिलेश यादव ने गंभीर रूप से घायलों को दो-दो लाख रुपये के चेक देने की घोषणा की थी।