संभल। सपा के संभल सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की है। इसमें उन्होंने संभल या मुरादाबाद में एम्स स्थापित करने की मांग रखी है। साथ ही बताया है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद मंडल ही बेहतर चिकित्सकीय सेवाओं से वंचित है। यदि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संभल या मुरादाबाद जिले में एम्स स्थापित हो जाएगा तो कई जिले के लोगों को सहूलियत मिलेगी।
दरअसल केंद्रीय बजट में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एम्स स्थापित करने की घोषणा की गई है। इसी घोषणा के क्रम में सांसद ने मुलाकात की है। संभल जिले में तो स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती नहीं है। जिला अस्पताल में 23 पदों के सापेक्ष 10 पदों पर ही चिकित्सकों की तैनाती है। गंभीर घायल को मंडलीय अस्पताल के लिए रेफर कर दिया जाता है और वहां भी उपचार सामान्य ही मिलता है। मजबूरन लोग अपने मरीज को मेरठ और दिल्ली ही लेकर जाते हैं।