संभल। कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव अटवा के जंगल में एक व्यक्ति का कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। गांव अटवा के रंजीत ने कंकाल के पास मिले कपड़ों के आधार पर मृतक की शिनाख्त अपने पिता लोकेश के रूप में की। परिजनों ने बताया कि वह 11 फरवरी को बिना बताए घर से चले गए थे। उनकी गुमशुदगी की तहरीर थाने में दी गई।
थाना क्षेत्र के गांव अटवा निवासी लोकेश अपने घर से 11 फरवरी को बिना परिजनों को सूचना दिए घर से चले गए। इसके बाद वह लौटकर घर नहीं आए। परिजनों ने लोकेश की तलाश अपने रिश्तेदारों व परिचितों से की। मगर कोई सुराग नहीं लगा।
इसके बाद परिजनों ने लोकेश की गुमशुदगी की तहरीर थाने में दी और पुलिस से उनकी बरामद कराने की मांग की। मगर पुलिस उन्हें बरामद नहीं कर सकी। बुधवार को गांव अटवा के जंगल में ऋषिपाल के खेत में मजदूर सरसों की फसल काट रहे थे। तभी उन्हें दुर्गंध आने पर देखा तो एक व्यक्ति का कंकाल पड़ा था।
खेत में कंकाल मिलने की सूचना से आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। जिसमें गांव अटवा के रंजीत ने कंकाल के पास पड़े कपड़े व जूते के आधार पर शव की शिनाख्त अपने पिता लोकेश 48 वर्ष के रूप में की। मृतक की पत्नी गुड्डों की तहरीर पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।