असमोली। असमोली थाना क्षेत्र के बिलालपत में शुक्रवार रात करीब 8.30 बजे पुलिस और लूट के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। असमोली सीओ अमन सिंह ने बताया कि पुलिस की जवाबी फायरिंग में मुरादाबाद के थाना भोजपुर अंतर्गत गुलाबबाड़ी निवासी वाहिद उर्फ भालू पैर में गोली लगने से घायल हुआ है।
सीओ ने बताया कि पुलिस गश्त कर रही थी। इस दौरान ही बदमाशों को रोकने का प्रयास किया और फायरिंग करते हुए भागने लगे। एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। तीन बदमाश भागने में कामयाब रहे। उनकी तलाश की गई लेकिन वह हाथ नहीं आ सके। सीओ ने बताया कि 31 जुलाई को थाना क्षेत्र के शाहपुर सीडल माफी मार्ग पर निर्माणाधीन फैक्टरी में चौकीदार को बंधक बनाकर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था।
पुलिस की जांच में कई बदमाश प्रकाश में आए। बृहस्पतिवार की रात भी मुठभेड़ के बाद रामपुर के गांव देरूहा निवासी तंजीम उर्फ तनवीर उर्फ शैम्पू उर्फ सनी को गिरफ्तार किया था।