संभल। नगर में सफाई व्यवस्था लड़खड़ा गई है। स्थिति यह है कि सफाई के अभाव में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। घर-घर कूड़ा एकत्र करने की व्यवस्था भी ठप पड़ी है। नगर पालिका परिषद संभल में कुल 37 वार्ड हैं। नगर में यह व्यवस्था है कि सफाईकर्मी घर-घर जाकर कूड़ा एकत्र करते हैं। इसमें गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग एकत्र किया जाता है, लेकिन यह व्यवस्था अब ठप सी हो गई है। 3-4 दिन तक भी कर्मचारी कूड़ा लेने नहीं पहुंच रहे हैं।
ऐसे में लोग घरों से निकलने वाले कूड़े को सड़क के किनारे ही फेंक दे रहे हैं, जिससे जगह-जगह कूड़े के ढेर दिखाई दे रहे हैं। नगर के मोहल्ला बरेली सराय, नखासा, नाला, आलम सराय, आर्य समाज रोड पर जहां-तहां स्थिति यह है कि जहां सफाई व्यवस्था काफी खराब है। यही नहीं, शहर के मुख्य बाजारों, मार्गों व गलियों तक में गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। लोगों का कहना है कि गंदगी के कारण बीमारियां फैलने का भय भी बना हुआ है। गंदगी से उठने वाली दुर्गंध के चलते दुकानदारों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि शहर में नियमित रूप से सफाई होनी चाहिए ताकि शहर में सफाई व्यवस्था बनी रहे और स्वच्छता रैंकिंग में कुछ सुधार हो सके।