संभल। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के संभल-मुरादाबाद मार्ग पर फिरोजपुर पुल के नजदीक मंगलवार की शाम हुई शराब की दुकानों से रिकवरी करने वाले दो कर्मचारियों से करीब आठ लाख लूट के मामले में दूसरे दिन भी बदमाश पकड़े नहीं गए हैं।
एसपी ने हजरतनगर गढ़ी थाना पुलिस के साथ संभल कोतवाली, रायसत्ती, नखासा थाने की पुलिस और एसओजी और सर्विलांस टीम को घटना के खुलासे में लगाया है। लूट की घटना की जानकारी पर बुधवार को डीआईजी मुनिराज जी भी घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई से पूरी घटना की जानकारी ली। एसपी का कहना है कि घटना का खुलासा जल्द किया जाएगा। कुछ सुराग मिले हैं जो अभी बताए नहीं जा सकते हैं। लेकिन घटना के खुलासे के करीब पुलिस की टीमें पहुंच गई हैं।
शराब फर्म के कलेक्शन इंचार्ज सौरव चौधरी और राजेंद्र भाटी मंगलवार की शाम गांव गुमसानी, हजरतनगर गढ़ी, शाहपुर, सिरसी में स्थित शराब की दुकानों से रुपये लेकर संभल स्थित गोदाम के लिए लौट रहे थे।
फिरोजपुर पुल के नजदीक बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे दिखाकर बाइक को रोक लिया और रुपये से भरा बैग लेकर भाग गए थे। घटना की जानकारी पर पुलिस ने कॉबिंग की लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आ सके। शराब फर्म के कर्मचारियों के अनुसार करीब आठ लाख रुपये बैग में थे। एसपी ने बताया कि सीओ आलोक कुमार भाटी के नेतृत्व में टीमें काम कर रही हैं।