चंदौसी। हाल ही में हुई लूट की घटनाओं को लेकर डीआइजी मुनिराजजी ने शुक्रवार को घटनास्थल पर जाकर पीड़ितों से जानकारी ली। इसके साथ ही कोतवाली में जिले के अधिकारियों के साथ बैठक कर दिशा निर्देश दिए। उसके बाद नगर में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया।
कोतवाली क्षेत्र के शहर से सटे गांव असालतपुर जारई में सोमवार की रात दंपती को बंधक बनाकर बदमाशों ने लाखों की लूट की। वहीं थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव अलीपुर बुजुर्ग उर्फ बड़ागांव में बृहस्पतिवार को महिला के साथ हुई लूट की घटना को अंजाम दिया गया।
शुक्रवार को डीआइजी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण करने के साथ ही उन्होंने पीड़ितों से घटना के बारे में जानकारी ली। जारई में हरपाल ने परिवार को बंधक बनाकर की गई लूट की घटना के बारे में जानकारी दी। उसके बाद चंदौसी कोतवाली में जिले के अधिकारियों के साथ बढ़ती घटनाओं को लेकर बैठक की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उसके बाद पुलिस बल के साथ उन्होंने कोतवाली से लेकर बहजोई रोड तक पैदल मार्च किया। इस दौरान एएसपी कुलदीप सिंह, एएसपी आलोक भाटी, सीओ डा. प्रदीप कुमार, सीओ दीपक कुमार तिवारी, प्रभारी निरीक्षक अनुज तोमर मौजूद रहे। संवाद