बनियाठेर। विकासखंड बनियाखेड़ा के गांव मानकपुर से नसीरपुर नरौली के बीच का करीब ढाई किलोमीटर लंबा मार्ग बीते कई वर्षों से बदहाल पड़ा है। मार्ग जर्जर होने से यहां गुजरने वाले राहगीरों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। सावन माह में इसी मार्ग से गुजरकर शिव भक्त और कांवड़िये गांव कुआं खेड़ा के प्राचीन शिव मंदिर पर पहुंचेंगे। जुलाई माह की 11 तारीख से सावन शुरू हो रहे हैं। ऐसे में गांव रसूलपुर कैली, भुलावई, बनियाखेड़ा, मानकपुर नरौली, गुमथल चंदौसी के सैकड़ों की संख्या में शिवभक्त गांव कुआं खेड़ा के प्राचीन शिव मंदिर पर पहुंचेंगे। इन मंदिर पर पहुंचने के लिए शिवभक्त गांव मानकपुर और नसीरपुर नरौली के बीच के मार्ग से गुजरेंगे। बीते वर्षों की तरह इस वर्ष भी शिवभक्तों का परेशानी का सामना करना पड़ेगा क्योंकि मानकपुर और नसीरपुर नरौली के बीच का मार्ग बीते कई वर्षों से जर्जर हालत है। यहां सड़क पर फैले कंकड़ शिवभक्तों व कांवड़ियों के पैरों में चुभेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि कुआंखेड़ा के प्राचीन मंदिर पर सावन माह में शिवभक्तों का विशेष महत्व होता है। ऐसे में जर्जर मार्ग की वजह से भक्तों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।