संभल के चंदौसी तहसील में जलभराव को लेकर प्रदर्शन करते सुल्तानपुर गांव के ग्रामीण: स्रोत - ग्राम
- फोटो : अमर उजाला
चंदौसी(संभल)। कुढ़फतेहगढ़ के गांव सुल्तानपुर में मुख्य मार्ग पर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी है। गांव में नाला निर्माण न होने से नालियों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इससे आक्रोशित होकर ग्रामीणों ने संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि नाला निर्माण न होने से गांव के लोगों को गंदे पानी के बीच होकर गुजरना पड़ रहा है। बीमारियों का खौफ भी बना रहता है।
गांव सुल्तानपुर के ग्रामीण शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में जलभराव इतना बढ़ जाता है कि लोगों का आना-जाना मुश्किल हो जाता है। कई बार इस समस्या की शिकायत की जा चुकी है, यहां तक कि लेखपाल द्वारा पैमाइश भी कराई गई, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों का आरोप है कि रास्ते के किनारे कब्जा किए बैठे एक व्यक्ति के विरोध के कारण नाले का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर नाला निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
प्रार्थना पत्र देने वालों में सुनील कुमार, हरिओम, गोवर्धन, साहब सिंह, चिराग, भोले, संजीव कुमार पाल, कृपाल सिंह, महिपाल, राजेंद्र, पप्पू सिंह, चरन सिंह, अर्जुन सिंह, स्वराज हरि सिंह सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।