संभल। गांव चिमियावली में बुधवार को अनियमितताएं मिलने पर सील की गईं बोन मिलों में खुले में मिल रॉ मटेरियल को राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दूसरे दिन भी दबवाया।
दरअसल, सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार की अदालत में चिमियावली गांव स्थित मीट फैक्टरी के संचालन के संबंध में धारा 133 सीआरपीसी के तहत दर्ज कई वादों की सुनवाई चल रही है। दो वादों की सुनवाई के दौरान चार जून को कोहिनूर और हिंदुस्तान बोन मिल का निरीक्षण किया गया था। कोहिनूर बोन मिल संचालित मिली, लेकिन पर्यावरण संबंधी या फिर अन्य तरह के जो भी निर्देश थे, उनका पालन नहीं होता मिला। इसके अलावा रॉ मटेरियल भी खुला पड़ा था, जिससे प्रदूषण फैल रहा था। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि यह प्रदूषण फैलने का मुख्य कारण भी है। इसके अलावा हिंदुस्तान बोन मिल बंद थी, लेकिन रॉ मटेरियल बिखरा पड़ा था। निरीक्षण के बाद दोनों ही बोन मिलों को बंद करने का निर्णय लिया। इस संबंध में आदेश पारित करके राजस्व और नगर पालिका के कर्मियों की संयुक्त टीम बनाई गई। इसी टीम ने बुधवार को बोन मिलकर आकर कार्रवाई की थी। शेष कार्रवाई बृहस्पतिवार को की गई।