संभल। जिले में नए उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया उद्यमियों ने शुरू कर दी है। लाइसेंस और एनओसी के लिए आवेदन होने लगे हैं। नए उद्योग स्थापित करने वाले करीब 50 प्रतिशत उद्यमियों ने आवेदन किए हैं। प्रशासन स्तर से भी तत्काल राहत दी जा रही है। साथ ही लगातार उद्यमियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझा जा रहा है। इस प्रक्रिया से उम्मीद है कि जो प्रस्ताव इन्वेस्टर्स समिट के दौरान दिए गए थे, वे जल्द जमीन पर उतर जाएंगे। इसके लिए प्रशासन की भी पूरी कोशिश जारी है।
जिले में 5500 करोड़ के प्रस्ताव इन्वेस्टर्स समिट के दौरान मिले हैं। इसमें एमओयू पर हस्ताक्षर हो चुके हैं। इन उद्योग को स्थापित करने की प्रकिया भी शुरू हो गई है। आईआईए के चैप्टर चेयरमैन कमल कौशल ने बताया कि उद्यमियों द्वारा लाइसेंस, एनओसी और अन्य जो भी जरूरी प्रक्रिया है। उसके लिए आवेदन हो रहे हैं। जल्द ही एक बड़ी बैठक उद्यमियों के साथ आयोजित की जानी है। इसमें प्रशासनिक अधिकारी उद्यमियों की समस्याओं को सुनेगे। बता दें जिले में नए उद्योग स्थापित होने से जहां विकास की रफ्तार बढ़ जाएगी। वहीं रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री के लिए जिले में संभावनाएं ज्यादा
जिले में फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री के लिए काफी अवसर है। जिले की कनेक्टिविटी काफी अच्छी है। नेशनल हाईवे बड़े शहरों से जोड़ता है। आने वाले समय में गंगा एक्सप्रेस तैयार हो जाएगा तो यह कनेक्टिविटी पूर्वी उत्तर प्रदेश को भी करीब कर देगी। इससे भी बड़ा लाभ उद्यमियों को ही होगा। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज, फार्मेसी कॉलेज, होटल व अन्य बड़े उद्योग स्थापित होने जा रहे हैं।