चंदौसी। एसएम डिग्री कॉलेज के प्राचार्य की कुर्सी शुक्रवार को दोबारा संभालने के अगले ही दिन शनिवार को डॉ. दानवीर यादव फिर चर्चा में आ गए। एक वायरल वीडियो में वह कह रहे हैं कि मैं खुले दिल का हूं। मेरा खुला व्यक्तित्व है। दुष्कर्म जो करते हैं वह छुपकर करते हैं, मेरी तरह खुलकर कोई दुष्कर्म नहीं करता है। मैं बहुत फ्रैंकली कह रहा हूं। चंदौसी छोटी मानसिकता का शहर है।
यह वीडियो शनिवार को उस समय का बताया जा रहा है, जब कुछ छात्र नेता उन्हें फिर चार्ज लेने पर शुभकामनाएं देने और छात्र संघ चुनाव की तारीख घोषित करने की मांग लेकर आए थे। छात्रों के साथ कुछ मीडिया के लोग भी थे। छात्रों और मीडिया से बातचीत के दौरान वह कहते नजर आ रहे हैं कि सबसे निगाह मिलाकर मैं यहां आया हूं। खुद को खुले दिल का बताने के दौरान उन्होंने कहा- मैंने कभी अपने कॉलेज के छात्र-छात्राओं को घूमने के लिए मना नहीं किया, लेकिन बाहर वालों के साथ घूमने से मना किया है। इसी दौरान उन्होंने उक्त बातें भी कहीं।
इन कथनों का वीडियो वायरल होने के साथ ही सवाल उठने लगे। इस पर उन्होंने कहा कि दुष्कर्म का अर्थ गलत नहीं निकाला जाए। यहां दुष्कर्म से उनका अभिप्राय बुरे व गलत कामों से है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इस वीडियो की पुष्टि नहीं करती।