संभल। महंगाई के दौर में भैया दूज पर भाइयों को भेंट किए जाने वाले गोले के दाम में भी 100 रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। फिर भी बहनों ने बाजार में दुकानों पर गोले की खूब खरीदारी की। गोले की बिक्री को लेकर व्यापारी भी उत्साहित नजर आए। व्यापारियों का कहना रहा कि दाम भले ही बढ़ा लेकिन गोले की बिक्री ठीक रही।
भैया दूज पर बहनें भाइयों को तिलक करते हुए मिठाई खिलाने के बाद गोले भेंट करती हैं। संभल के बाजार में दुकानों पर बहनों ने गोले की खरीदारी की। मुख्य बाजार में टंडन तिराहा और आसपास की दुकानों पर दोपहर से गोले की बिक्री में तेजी आई। बहनों ने भाव करते हुए दुकानदारों से गोले खरीदे। संभल के अलावा सरायतरीन, हयातनगर, सिरसी, हजरतनगर गढ़ी असमोली, सौंधन, पवांसा, रजपुरा और गवां क्षेत्र के बाजार में भी गोले की बिक्री हुई।
बात गोले के भाव की करें तो पिछले वर्ष 200 रुपये से लेकर 280 रुपये प्रति किलो था लेकिन इस बार भाव में बढ़ोतरी हुई है। गोले का दाम चढ़कर 320 से लेकर 380 रुपये प्रति किलो हो गया। हालांकि गोले के बढ़े दाम से बिक्री पर कोई असर नहीं दिखाई दिया। व्यापारियों का कहना रहा कि भैया दूज के मौके पर गोले खूब बिके। पिछले वर्ष की तरह अच्छी बिक्री हुई।
000000000
भाइयों की पसंदीदा मिठाई खरीदी गई
संभल। भैया दूज के मौके पर बहनों ने बाजार में दुकानों से मिठाई की खरीदारी भी की। बहनों ने इस बात का ध्यान रखा कि भाइयों को कौन सी मिठाई पसंद है। उसी मिठाई की खरीदारी की। शहर, कस्बा एवं देहात क्षेत्र में मिठाई की जमकर खरीदारी की गई।
000000000
.गोले के दाम में 100 रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। फिर भी बहनों ने गोले खूब खरीदे हैं। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी गोले की बिक्री अच्छी रही। -अभिषेक गुप्ता, व्यापारी
000000000
.भैया दूज पर गोले की बिक्री होती है। इस बार गोले का दाम बढ़ा लेकिन बिक्री को देखकर लगा कि अच्छा काम हुआ। छोटे दुकानदार ने गोले का स्टॉक लिया। -सागर गुप्ता, व्यापारी